सरायकेला: मंगलवार दोहपर को तिरुलडीह थाना क्षेत्र के डाटम गांव स्थित बिरसा मुंडा चौक के समीप एक सड़क हादसे में तीन युवक घायल हो गए। घटना में एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पहले दूसरी मोटरसाइकिल से टकराई। इसके बाद सामने से आ रही ब्रीजा कार को जाकर टक्कर मार दी। हादसे में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान डाटम निवासी आनंद सिंह मुंडा और चिरंजीत महतो तथा पश्चिम बंगाल के डांगडुंग (सुईसा) निवासी शत्रुघ्न महतो के रूप में हुई है। तीनों घायलों को विधायक सविता महतो की ओर से तिरुलडीह थाना में उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस से तिरुलडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद आनंद सिंह मुंडा और चिरंजीत महतो को उसी एंबुलेंस से शिवा नर्सिंग होम भेजा गया, जबकि शत्रुघ्न महतो को चौड़ा गांव के एक निजी वाहन से सिंगपुर अस्पताल, मुरी भेजा गया।
(घायल शत्रुघन महतो का बयान)
लहरिया कट स्टाइल में बाइक चलाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार डाटम निवासी दोनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तिरुलडीह की ओर से कुकड़ू की और जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वे सड़क पर लहरिया कट स्टाइल में मोटरसाइकिल चला रहे थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल ने कुकड़ू की ओर से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। फिर जाकर सामने से (कुकड़ू की ओर से आ रही) ब्रीजा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर JH 22 H-4499) को जाकर टक्कर मार दी। इस घटना में ब्रीजा कार का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर तिरुलडीह थाना की पीसीआर भी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद थाना परिसर में उपलब्ध एंबुलेंस से घायलों को तिरुलडीह PHC पहुंचाया गया।

पुलिस ने कार और एक मोटरसाइकिल को थाना में रखा
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ब्रीजा कार और एक मोटरसाइकिल को लेकर जाकर थाना परिसर में रखा है। वहीं, डाटम निवासी युवकों की मोटरसाइकिल को किसी व्यक्ति ने घटनास्थल से हटाकर किनारे कर दिया है। पुलिस दूसरी मोटरसाइकिल की तलाश कर रही है और पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

अरुण महतो ने की एंबुलेंस और ईंधन की व्यवस्था
घटना की जानकारी मिलने पर डाटम निवासी भाजपा कार्यकर्ता अरुण महतो घटनास्थल और तिरुलडीह PHC पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। विधायक सविता महतो की ओर से उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस में तिरुलडीह पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने की व्यवस्था भी अरुण महतो ने की, ताकि घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सके।









