01 नवंबर 2026, सरायकेला: तिरुलडीह थाना क्षेत्र के दारुदा गांव के समीप 24 अक्टूबर को हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार वार्ड सदस्य की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। मृतक की पहचान छोटालापांग गांव निवासी वार्ड सदस्य मनोरंजन महतो उर्फ मंटू (35) के रूप में हुई थी। वह स्वर्गीय गुरूचरण महतो के पुत्र थे। पुलिस के अनुसार, मनोरंजन महतो कुकड़ू बाजार से अपनी मोटरसाइकिल (JH22J-7355) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब छह बजे दारुदा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।

घटना के बाद आक्रोशित कई राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने सड़क जाम कर दिया था। देर रात करीब डेढ़ बजे तक सड़क जाम रहा, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। इधर, घटना के बाद तिरुलडीह थाना की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस अनुसंधान के दौरान दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान ट्रैक्टर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने संबंधित ट्रैक्टर को विधिवत जब्त कर लिया है, और ट्रैक्टर को तिरुलडीह थाना में रखा गया है। इस संबंध में तिरुलडीह थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।









