सरायकेला। रविवार को 2018 बैच के सब इंस्पेक्टर विपुल कुमार ओझा ने सरायकेला खरसावां जिला के तिरुलडीह थाना के 19वें थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। इससे पहले वह राजनगर थाना प्रभारी के पद पर पदस्थापित थे। पदभार ग्रहण करने के बाद नव पदस्थापित तिरुलडीह थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के साथ शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित कर पुलिसिंग को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जल्द ही शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। मालूम हो कि विपुल कुमार ओझा इससे पूर्व रांची जिले के मुरी ओपी प्रभारी समेत अन्य थाना में भी थाना प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। पुलिस महकमे में उन्हें तेजतर्रार पुलिस अधिकारी के रूप में जाना जाता है। पदभार ग्रहण के दौरान सब इंस्पेक्टर कार्तिकेय सिंह, सहायक सब इंस्पेक्टर हरदेव पासवान समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।









