सरायकेला: कुकड़ू प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय में पदाधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं। स्थानीय लोगों से मिली शिकायत के बाद सोमवार को कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा वाला पातर ने कार्यालय के विभिन्न कमरों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और प्रभारी अंचल अधिकारी (CO) कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। वहीं, अंचल कार्यालय के अधिकांश कमरों में कुर्सियां खाली मिलीं। कई कर्मचारी भी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। कार्यालय में अपने जरूरी काम से पहुंचे लोगों को इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ लोग निराश होकर वापस लौट गए।

प्रखंड प्रमुख ने जताई नाराजगी, उपायुक्त को करेंगी पत्राचार
निरीक्षण के दौरान कार्यालय की स्थिति देखकर कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा वाला पातर ने नाराजगी जताई। उन्होंने पदाधिकारियों और कर्मचारियों से अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालय में आम जनता अपने जरूरी काम लेकर आती है। ऐसे में अधिकारियों और कर्मचारियों की गैरमौजूदगी से लोगों को परेशानी होती है। इस मामले को लेकर वह उपायुक्त को पत्राचार करेंगी, ताकि कार्यालय की व्यवस्था में सुधार हो सके।
उपप्रमुख ने भी उठाए सवाल,नियमित उपस्थिति की मांग
वहीं, कुकड़ू प्रखंड के उपप्रमुख मोहम्मद एकराम ने भी अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने और कर्मचारियों की गैरमौजूदगी के कारण लोगों के प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी काम समय पर नहीं हो पा रहे हैं। लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि वे BDO और CO का पक्ष जानना चाहते थे, लेकिन निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं थे। अब सवाल है कि कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है। इधर BDO नें कहा कि हम छुट्टी लिए है, आकर मामले की जांच करेंगे।









