सरायकेला। कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के पारगामा में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी झारखंडी इंद मेला एवं झूमर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन 23 सितंबर 2026, बुधवार को पारगामा पंचायत भवन के सामने किया जाएगा। इसे लेकर आयोजन समिति की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इंद पूजा के अवसर पर आयोजित होने वाले इस मेले में दोपहर एक बजे से झूमर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं डांस प्रोग्राम शुरू होगा। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और मेदिनीपुर क्षेत्र के झूमर कलाकारों के साथ जमशेदपुर के कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में ईचागढ़ विधायक साविता महतो को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा झामुमो के कई नेता, कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, मुखिया, उपमुखिया एवं क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

2009 में हुई थी इंद मेले की शुरुआत
पारगामा का यह इंद मेला वर्ष 2009 में शुरू हुआ था। मेले की शुरुआत झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुधीर महतो ने प्रसिद्ध झूमर गायक भोलानाथ महतो के साथ की थी। झारखंड की विलुप्त होती लोक संस्कृति और पारंपरिक झूमर को संरक्षित रखने के उद्देश्य से शुरू हुआ यह आयोजन अब क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बन चुका है। हर वर्ष इस मेले में झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। खासकर झूमर गीत और पारंपरिक नृत्य कार्यक्रम मेले का प्रमुख आकर्षण रहता है।

पुरुलिया और मेदिनीपुर के कलाकार देंगे प्रस्तुति
मेला कमिटी के अध्यक्ष स्वपन चंद्र महतो नें कहा कि इस वर्ष आयोजित झूमर सांस्कृतिक कार्यक्रम में कदम फुलेर महतो झुमर आखाड़ा के साथ शिल्पी शंकुतला महतो एवं बनमाली महतो की प्रस्तुति होगी। वहीं पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर से शिल्पी संध्यानी दास और शिल्पी सपना दास भी कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके साथ ही जमशेदपुर के प्रसिद्ध रघु डांस ग्रुप द्वारा आदिवासी, बंगला, पुरुलिया एवं हिंदी गीतों पर रंगारंग नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार मेले को लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह है। समिति के सदस्य कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हैं। आयोजकों ने आसपास के लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचकर झारखंडी संस्कृति, लोकगीत और झूमर नृत्य का आनंद लेने की अपील की है। आयोजन समिति ने मेले में मादक पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह रोक की बात भी कही है।
मेले में दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती
प्रशासन ने मेले को लेकर विधि-व्यवस्था की तैयारी पूरी कर ली है। अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल के कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार 23 सितंबर 2026 को पारगामा में आयोजित झारखंडी इंद मेला एवं झूमर सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रभारी अंचल निरीक्षक विद्यासागर टुडू और राजस्व कर्मचारी गदाधर गोप को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सीओ अभय कुमार द्विवेदी को वरीय पदाधिकारी बनाया गया है। साथ ही पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती का भी अनुरोध किया गया है।









