सरायकेला : कुकड़ू प्रखंड मुख्यालय के समीप में स्थित FCI गोदाम इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि आखिर किस जनप्रतिनिधि ने अपने परिजन को गोदाम में काम पर लगवाया है? हालांकि इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन चाय के दुकान लेकर हर जगह यह चर्चाएं तेज हैं। लोगों के बीच यह मुद्दा प्रमुख रूप से उठ रहा है कि जनप्रतिनिधियों को जनता इसलिए चुनती है ताकि वे क्षेत्र के विकास और लोगों के हित में काम करें। लेकिन यदि आरोप सही होते हैं, तो यह सवाल खड़ा होता है कि क्या जनप्रतिनिधि अपने पद का उपयोग परिवार और करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए कर रहे हैं?
दबी जुबान में लोग कह रहें हैं यदि किसी प्रभाव के आधार पर नौकरी या काम दिया जाता है, तो इससे योग्य और जरूरतमंद लोगों के अधिकार प्रभावित होते हैं। खासकर बेरोजगार युवाओं में इस बात को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। उनका मानना है कि यदि अवसरों में पारदर्शिता नहीं होगी, तो आम लोगों का भरोसा व्यवस्था से उठ सकता है। वहीं, कुछ लोगों ने संतुलित राय रखते हुए कहा कि बिना ठोस प्रमाण के किसी पर आरोप लगाना उचित नहीं है। यदि इस तरह की कोई अनियमितता हुई है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सच्चाई सामने आनी चाहिए।
इस पूरे मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या जनप्रतिनिधि “यार, परिवार, व्यापार और ठेकेदारी” के लिए चुने जाते हैं या फिर जनता की सेवा के लिए? यह बहस अब सिर्फ कुकड़ू तक सीमित नहीं रही, बल्कि व्यापक स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है। लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग या प्रशासन इस मामले में स्थिति स्पष्ट करे। यदि नियुक्ति प्रक्रिया नियमों के तहत हुई है, तो इसे सार्वजनिक किया जाए, ताकि अफवाहों पर विराम लगे। वहीं, यदि कहीं गड़बड़ी पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी सुनिश्चित हो। फिलहाल, कुकड़ू क्षेत्र में यह मुद्दा चर्चा में बना हुआ है और सभी की नजर प्रशासनिक पहल पर टिकी है।









