सरायकेला। कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के श्री श्री दुर्गा पूजा समिति, तिरुलडीह की ओर से दुर्गा पूजा के अवसर पर डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दुर्गा मंदिर प्रांगण, रेलवे स्टेशन के निकट, तिरुलडीह में हुआ। शुक्रवार को प्रतियोगिता का फाइनल संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में शांति बॉयज डांस ग्रुप, जमशेदपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को ₹11,000 नकद व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, एलेक्स डांस ग्रुप, चांडिल को द्वितीय पुरस्कार स्वरूप ₹8,000 और ट्रॉफी मिली। संत्वना पुरस्कार नेहाल पात्रो को दिया गया, जिन्हें ₹2,000 एवं ट्रॉफी से नवाजा गया।

कार्यक्रम में तिरुलडीह पंचायत के मुखिया सुधीर सिंह मुंडा, झामुमो नेता इंद्रजीत महतो, भाजपा नेता बिजय कुईरी, राकेश साव, बबलू साव, बबसन सिंहा, गौतम कुमार नायक, राजकुमार साव, पवन सिंह, तपन चंद्र कुईरी, गगन साव, संतोष साव एवं बिद्युत महतो ने संयुक्त रूप से विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने हिंदी, बंगला और नागपुरी सहित विभिन्न भाषाओं के गानों पर शानदार प्रस्तुति दी। आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ उमड़ी और पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्सव का माहौल बना रहा।









