सरायकेला : कुकड़ू स्थित मुंडा भवन में मंगलवार को वीर बिरसा महाविद्यालय डाटम प्रबंधन समिति के तत्वावधान में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की मैट्रिक तथा इंटरमीडिएट परीक्षा के तीनों संकायों (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-3 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना था।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कुकड़ू प्रखंड की बीडीओ राजश्री ललिता बाखला तथा क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. प्रीति मुंडा शामिल हुईं। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान देकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी गई।

बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें : सविता महतो
अपने संबोधन में विधायक सविता महतो ने कहा कि आज के दौर में बच्चे केवल शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि खेल, संगीत, कला, तकनीक और अन्य कई क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को बच्चों पर अनावश्यक शैक्षणिक दबाव नहीं डालना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की अपनी अलग प्रतिभा और रुचि होती है। यदि बच्चों को उनकी पसंद और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए तो वे निश्चित रूप से जीवन में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

स्पष्ट लक्ष्य और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी
विशिष्ट अतिथि बीडीओ राजश्री ललिता बाखला ने विद्यार्थियों को अपने जीवन का लक्ष्य स्पष्ट रूप से निर्धारित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास सफलता की आधारशिला हैं। क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. प्रीति मुंडा ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहकर अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहें मौजूद
कार्यक्रम में वीर बिरसा महाविद्यालय के प्राचार्य बंकेश्वर प्रसाद सिंह, तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष इंद्रजीत महतो, वर्तमान अध्यक्ष कृतिवास महतो, सचिव युधिष्ठिर माझी, सह सचिव धीरज महतो, संजीव सिंह सरदार, डॉ. गुरुचरण महतो, सालबो सिंह सरदार, जवाहर मांझी, अजय सिंह मानकी, प्रेमचंद कुमार, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष विपतारण महतो, इंटर कॉलेज तिरुलडीह के प्राचार्य उपेन चंद्र महतो, सेवानिवृत्त शिक्षक लेड़ाराम महतो, छुटुलाल महतो, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि सुनील कुमार महतो, वीर बिरसा महाविद्यालय के सह-संयोजक निरंजन प्रसाद महतो, गुणाधर महतो, प्रकाश महतो, गोपाल गोप समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, छात्र-छात्राएं और गणमान्य लोग उपस्थित थे।









