रांची: सरायकेला खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सितू गांव निवासी विजय कुमार दास (31) का शव रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र के टेंगरिया गांव के पास जंगल में स्थित एक सुनसान कुएं से बरामद किया गया है। विजय बीते 24 फरवरी से लापता था। करीब 12 दिन बाद उसका शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया है और इलाके में सनसनी फैल गई है।
24 फरवरी से लापता था विजय, निजी कंपनी में था सुपरवाइजर
विजय कुमार दास पिछले चार वर्षों से रांची के पुंदाग स्थित रेशमी कंस्ट्रक्शन कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था और कंपनी के कैंपस में ही रहता था। 24 फरवरी 2026 को वह अपने गांव सितू से काम के लिए रांची गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। जब परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। कंपनी के मालिक रौशन कुमार ने भी बताया था कि उनकी ओर से भी युवक की तलाश की जा रही है, लेकिन वह कहीं नहीं मिला।

महिला से विवाद और धमकी का आरोप, जांच जारी
परिजनों ने विजय के लापता होने के बाद एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए थे। परिवार के लोगों का कहना है कि विजय कुमार दास का रोशनी कुमारी नाम की एक महिला से संबंध था और हाल के दिनों में दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद भी हुआ था। बताया गया कि इस विवाद को सुलझाने के लिए कंपनी परिसर में बातचीत भी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद महिला ने विजय को जान से मारने की धमकी दी थी। यहां तक कि महिला ने विजय के चचेरे भाई चंदन दास को फोन कर कहा था कि विजय ने उसके साथ धोखा किया है और वह उसके साथ कुछ भी कर सकती है।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला, अब शव मिला
मामले को लेकर अजय कुमार दास ने दलादली ओपी में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर नागड़ी थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज किया गया था और एसआई संदीप राय को जांच अधिकारी बनाया गया था। पुलिस युवक की तलाश कर ही रही थी कि इसी बीच 12 दिन बाद रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र के टेंगरिया गांव के जंगल के पास एक कुएं से विजय कुमार दास का शव बरामद हुआ।









