सरायकेला: चांडिल थाना क्षेत्र के हारुडीह गांव में हुए बहुचर्चित बिजय तिर्की हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सहनवाज खान उर्फ डाबर उर्फ सन्नो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर जमशेदपुर के मानगो इलाके से दबोचा गया। मामले की पुष्टि सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरायकेला खरसावां जिले की एसपी निधि द्विवेदी ने की। एसपी निधि द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 24 दिसंबर 2025 को चांडिल थाना क्षेत्र के हारुडीह गांव में बिजय तिर्की की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर चांडिल थाना कांड संख्या 199/25 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इससे पहले भी इस कांड में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इसी क्रम में पुलिस को मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बड़ी सफलता मिली। फरार आरोपी सहनवाज खान उर्फ डाबर उर्फ सन्नो, जो कि जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में छिपा हुआ था, उसे 26 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उस पर हत्या, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। सहनवाज खान के खिलाफ आजादनगर थाना में कई संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, रंगदारी, मारपीट और अवैध हथियार रखने जैसे अपराध शामिल हैं। इसके अलावा कपाली ओपी में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों शाहिद खान उर्फ शहजादा, विवेक कुमार मन्ना उर्फ विक्की, राहुल राव और मनीष कुमार ठाकुर को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही बाकी फरार अपराधियों को भी पकड़ लिया जाएगा। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में चांडिल थाना प्रभारी दिलशन बिरुवा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें राहुल भारती, राजीव कुमार, ब्रजेश मिश्रा समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।









