सरायकेला: कुकड़ू प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुकड़ू में शुक्रवार को पूर्व प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी नवल किशोर सिंह के सम्मान में विदाई समारोह सह वर्तमान प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी के स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मालूम हो कि पूर्व बीईईओ नवल किशोर सिंह 31 मार्च 2026 को नौकरी से सेवानिवृत्त हुए हैं, जिसके बाद उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।

कार्यक्रम के दौरान प्रभार हस्तांतरण के साथ-साथ गुरू गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। गुरू गोष्ठी में शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन उपस्थिति, नए शैक्षणिक सत्र में शिशु पंजी के आधार पर शत-प्रतिशत नामांकन तथा मध्याह्न भोजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों ने पूर्व बीईईओ नवल किशोर सिंह के सरल और मिलनसार स्वभाव की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी पदाधिकारी जैसा व्यवहार नहीं किया और सभी के साथ सहज रूप से जुड़े रहे। वहीं, नव पदस्थापित प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी के बारे में बताया गया कि वे भले ही नए प्रभार में आए हैं, लेकिन क्षेत्र के शिक्षकों से पहले से ही परिचित हैं, जिससे कार्य में समन्वय बेहतर रहने की उम्मीद है।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक त्रिलोचन कुमार ने किया, जबकि शिक्षक गुणाधर महतो ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मौके पर बीपीओ सुचित्रा महतो, एमआईएस राहुल रंजन, समावेशी शिक्षक दिगम्बर महतो, सीआरपी नरेश महतो, राकेश कुमार, गणेश चंद्र महतो, सुधाकर महतो, इंद्रजीत प्रमाणिक, चितरंजन महतो, पप्पू प्रामाणिक, तनुश्री, खेलाराम वेदिया, गजाधर बैठा, कमल महतो सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम का समापन शिक्षक आशीष मल्लिक द्वारा देशभक्ति गीत की प्रस्तुति के साथ किया गया।









