सरायकेला। चांडिल प्रखंड क्षेत्र के चिलगु स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय कल्याणपुर में शनिवार को चार अतिरिक्त क्लास रूम के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। विधायक सविता महतो ने झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तहत बनने वाले इन क्लास रूम के लिए शिलापट्ट का अनावरण कर कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि लगभग 36.01 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इन चार नए क्लास रूम से विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि नए क्लास रूम के निर्माण से छात्रों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा, जिससे शिक्षण कार्य और अधिक सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने संवेदक को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।

इस मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, शंकर लायेक, मुखिया प्रतिनिधि शत्रुघन सिंह, ग्राम प्रधान कामदेव दास, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।









