रांची। रांची राज्य के करीब 11.75 लाख पेंशनधारियों को सितंबर माह से पेंशन नहीं मिलने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब सरकार ने तीन माह के बकाया पेंशन का एकमुश्त भुगतान करने की तैयारी शुरू कर दी है। सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के अनुसार, अगले माह लाभुकों के बैंक खाते में एक साथ तीन हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। बताया गया है कि केंद्र सरकार की ओर से तीन माह की राशि जारी कर दी गई है, वहीं राज्य सरकार ने भी अपने हिस्से की राशि उपलब्ध करा दी है। हालांकि, यह भुगतान होने के बाद भी वित्तीय वर्ष 2025-26 के तीन माह का पेंशन बकाया रह जाएगा।
वृद्ध, विधवा और दिव्यांग पेंशनधारियों को मिलेगा लाभ
राज्य में कुल 11.75 लाख पेंशनधारियों में से 8.99 लाख लाभुकों को वृद्धा पेंशन, 2.51 लाख को विधवा पेंशन और 25,390 लोगों को दिव्यांग पेंशन दी जाती है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र के बीपीएल बुजुर्गों को प्रतिमाह 1000 रुपये दिए जाते हैं। वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत 40 वर्ष से अधिक उम्र की विधवाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं। राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले बीपीएल लाभुकों को पेंशन दी जाती है।
पलामू में सबसे अधिक, सरायकेला में 48 हजार लाभुक
राज्य के विभिन्न जिलों में पेंशनधारियों की संख्या अलग-अलग है। पलामू में सबसे अधिक 88,136 लाभुक हैं, जबकि धनबाद में 83,603 और गिरिडीह में 79,919 पेंशनधारी हैं। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम में 59,688, रांची में 66,244 और सरायकेला-खरसावां में 48,069 लाभुक हैं। वहीं लोहरदगा में सबसे कम 13,335 पेंशनधारी हैं। अन्य जिलों में भी बड़ी संख्या में लोग इस योजना पर निर्भर हैं, जिससे समय पर भुगतान नहीं होने पर उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।









