रांची: ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से कुकड़ू थाना भवन के उपयोग नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कुकड़ू में थाना भवन करीब 10 वर्षों से बनकर तैयार है, लेकिन अब तक उसे चालू नहीं किया गया है। इस पर सरकार की ओर से बताया गया कि गृह विभाग की अधिसूचना संख्या 4245 (10 जुलाई 2010) तथा अधिसूचना संख्या 14/डी.एस. (28 फरवरी 2009) के तहत सरायकेला-खरसावां जिले में तिरुलडीह को नए थाना के रूप में अधिसूचित किया गया था। इसके अंतर्गत तिरुलडीह, चौड़ा, कुकड़ू, ईचाडीह और लेटेमदा पंचायत को शामिल किया गया है। बाद में 5 सितंबर 2009 की अधिसूचना के तहत कुकड़ू थाना को ‘बी’ श्रेणी के थाना के रूप में अधिसूचित किया गया। सरकार ने बताया कि तिरुलडीह और कुकड़ू थाना का कार्यक्षेत्र समान होने के कारण तिरुलडीह थाना 1 जुलाई 2009 से संचालित है, जबकि कुकड़ू थाना के लिए अलग कार्यक्षेत्र निर्धारित नहीं होने से वहां थाना संचालन शुरू नहीं हो सका है।
वहीं विधायक ने मिलन चौक में टीओपी की आवश्यकता का भी मुद्दा उठाया। सरकार ने बताया कि वर्ष 2023 से 2025 के बीच इस क्षेत्र में नक्सली या बैंक डकैती की कोई घटना दर्ज नहीं हुई है, हालांकि 2025 में चोरी की तीन घटनाएं हुई हैं। कुकड़ू थाना चालू करने को लेकर पुलिस मुख्यालय ने उपायुक्त और क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक से प्रस्ताव मांगा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।









