30 जुलाई 2026, सरायकेला: गुरुवार को कुकड़ू प्रखंड प्रशासन ने पंचायतों में कार्य व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नव पदस्थापित पंचायत सचिवों एवं एक जनसेवक का पुनर्पदस्थापन किया है। कुकड़ू प्रखंड की प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार चार कर्मियों को नई पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार रूपा कुमारी को तिरुलडीह एवं बेरासी सिरुम, नानकी बोयपाई को लेटेमदा एवं ईचाडीह तथा कुमारी रेशमी को जानुम एवं कुकड़ू पंचायत का सचिव बनाया गया है। वहीं जनसेवक धनराज महतो को चौड़ा, पारगामा एवं ओड़िया पंचायतों का प्रभार दिया गया है।

बीडीओ राजश्री ललिता बाखला ने सभी संबंधित कर्मियों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। साथ ही मनरेगा, 15वें वित्त आयोग सहित अन्य विकास योजनाओं से जुड़े अभिलेख, रजिस्टर, पासबुक, प्रभार एवं आवश्यक दस्तावेज दो दिनों के भीतर विधिवत हस्तांतरित करने को कहा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी पदस्थापित कर्मियों को पंचायतों में विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखते हुए योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा।









