सरायकेला : ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चुनचूड़िया गांव के समीप मंगलवार रात करीब नौ बजे दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए मिलन चौक स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। रेफर किए गए घायलों में उमाचरण पुरान (28 वर्ष), कृतिवास सिंह मुंडा (20 वर्ष), घलटू सिंह मुंडा (24 वर्ष), नयन कोईरी (45 वर्ष) और श्याम लाल सिंह मुंडा (42 वर्ष) शामिल हैं। वहीं निवारण सिंह मुंडा (15 वर्ष) का इलाज मिलन चौक स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
बताया गया कि उमाचरण पुरान और श्याम लाल सिंह मुंडा को गंभीर चोटें आई हैं, जिससे दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सभी लोग कुईडीह गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने-अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में दोनों बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









