सरायकेला: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चांडिल-कांड्रा सड़क एवं पितकी रेलवे ओवरब्रिज का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। इस महत्वपूर्ण विषय को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। भाजपा नेता सह पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष देवाशीष राय ने सवाल उठाते हुए कहा है कि क्या हाल ही में हुई दिशा की बैठक में इस मुद्दे पर कोई ठोस चर्चा हुई थी या नहीं। उन्होंने बैठक को “दिशाहीन” करार देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की ओर से इस गंभीर समस्या पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है। राय ने कहा कि वर्षों से ईचागढ़ की जनता को केवल आश्वासन ही मिला है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नजर नहीं आ रहा है।

देवाशीष राय ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब जनता सड़क पर उतरकर अपनी समस्याओं को उठाती है, तब भी जनप्रतिनिधियों में अपेक्षित तत्परता और समाधान की भावना नहीं दिखती। उन्होंने इसे राजनीति के लिए शर्मनाक स्थिति बताया। साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि जल्द ही चांडिल-कांड्रा सड़क और पितकी रेलवे ओवरब्रिज के मुद्दे पर ठोस पहल नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन ही एकमात्र रास्ता बचेगा। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि यह सड़क और ओवरब्रिज क्षेत्र की लाइफलाइन है, लेकिन वर्षों से इसकी स्थिति बदहाल बनी हुई है, जिससे आमजन को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिरकार जनमानस को जवाब कौन देगा और इस महत्वपूर्ण समस्या का समाधान कब तक होगा।









