चांडिल (प्रकाश प्रमाणिक): झारखंड विधानसभा सचिवालय द्वारा अधिसूचना जारी कर वर्ष 2026-27 के लिए युवा कल्याण, संस्कृति एवं पर्यटन विकास समिति का गठन कर दिया गया है। यह गठन विधानसभा के नियम-223(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए किया गया है। जारी अधिसूचना के अनुसार, ईचागढ़ की विधायक सविता महतो को पुनः समिति का सभापति नियुक्त किया गया है। वहीं समिति के अन्य सदस्यों में बेरमो विधायक कुमार जय मंगल (अनूप सिंह), हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद, झरिया विधायक रागिनी सिंह तथा पाकुड़ विधायक निसात आलम शामिल हैं। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि समिति का कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तिथि से एक वर्ष तक या समिति के पुनर्गठन तक (जो भी पहले हो) प्रभावी रहेगा। मालूम हो कि वर्ष 2025-26 में भी विधायक सविता महतो इसी समिति की सभापति रह चुकी हैं। इसकी जानकारी विधायक सविता महतो के आप्त सचिव काबलू महतो ने दी।









