सरायकेला। सावन माह के पावन अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 16 श्रद्धालुओं की टीम बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुई। शनिवार को तिरुलडीह रेलवे स्टेशन से श्रद्धालु मुरी होते हुए सुल्तानगंज पहुंचेंगे, जहां गंगा जल उठाकर बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर के लिए प्रस्थान करेंगे। रवाना होने के दौरान श्रद्धालुओं ने ‘ॐ नमः शिवाय’, ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाए। जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ से सभी के सुख-समृद्धि और क्षेत्र में शांति की कामना की।

श्रद्धालुओं ने बताया कि बाबा धाम की यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह समाज में भाईचारे, सेवा भावना और सनातन संस्कृति को मजबूत करने का संदेश भी देती है। यात्रा के दौरान अनुशासन, सेवा और श्रद्धा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। टीम के सदस्यों ने बताया कि पूरी यात्रा के दौरान शिव भक्ति एवं सेवा भावना के साथ धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया जाएगा। टीम में तिरुलडीह के अलावा सापादा और डाटम के श्रद्धालु भी शामिल हैं।










