सरायकेला/रांची: राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना 2024-25 के तहत झारखंड के कई पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। इस क्रम में सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड की ईचागढ़ पंचायत समिति को कोल्हान का पहला और राज्य का तीसरा उत्कृष्ट पंचायत समिति श्रेणी में चयनित किया गया है। उत्कृष्ट ग्राम पंचायत श्रेणी में बोड़ाम प्रखंड की पोखरिया, गम्हरिया की छोटा गम्हरिया तथा मनोहरपुर की बरंगा पंचायत का चयन हुआ है। स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम पंचायत श्रेणी में जमशेदपुर की बेको, कुचाई की अरूवां और गोईलकेरा की बारा पंचायत शामिल हैं। वहीं श्रेष्ठ ग्रामसभा श्रेणी में पलाशबनी, दक्षिण ईचड़ा, दुदरा, नौगांव, माटकोबेड़ा और घोड़ाबांधा पंचायतों को चयनित किया गया है।

ईचागढ़ पंचायत समिति को कोल्हान का पहला और राज्य का तीसरा उत्कृष्ट पंचायत समिति श्रेणी में घोषित किए जाने में ईचागढ़ बीडीओ एकता वर्मा, ईचागढ़ प्रखंड प्रमुख गुरुपद मार्डी तथा ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रबिन्द्र नाथ महतो का अहम योगदान है। इनके मेहनत और टीम भावना से कार्य के बदौलत यह स्थान मिला है। पुरस्कार वितरण आज शुक्रवार को रांची के खेलगांव स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा विशिष्ट अतिथि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह होंगी। इस योजना के तहत चयनित उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों को 10 लाख रुपये, पंचायत समिति (ब्लॉक स्तर) को 15 लाख रुपये तथा जिला परिषद को 20 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। ईचागढ़ पंचायत समिति की यह उपलब्धि क्षेत्र के विकास कार्यों की सफलता का प्रतीक मानी जा रही है।









