चांडिल: शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस के अवसर पर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन की ओर से 3 अप्रैल को सांस्कृतिक कार्यक्रम सह पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम डैम रोड स्थित मध्य विद्यालय के समीप मैदान तथा रुचाप पंचायत भवन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 6 से 9 तक के छात्रों के बीच सामान्य अध्ययन, गायन एवं दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। मुख्य अतिथि सोनी सैन गुप्ता ने कहा कि भगत सिंह का जीवन संघर्ष आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का विकास करें और समाज व देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें। रांची विश्वविद्यालय के शोधार्थी एवं समाजसेवी अनंत कुमार महतो ने कहा कि भगत सिंह और उनके साथियों ने एक ऐसे भारत का सपना देखा था, जहां शोषण न हो और सभी को समान अवसर मिले। उन्होंने वर्तमान समय की सामाजिक चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से जागरूक और सजग रहने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विशेश्वर महतो ने की, जबकि संचालन युधिष्ठिर प्रामाणिक ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रभात कुमार महतो, खुशी पोद्दार, राजा प्रमाणिक, खुशबू कुमारी, रोहित प्रामाणिक और राधि प्रामाणिक सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस दौरान उपस्थित लोगों ने शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।









