चांडिल (प्रकाश प्रमाणिक): गुरुवार को मध्य विद्यालय भुइयांडीह में गणित के शिक्षक शंभु कुमार सिंह के सम्मान में एक भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। श्री सिंह ने अपने शिक्षण जीवन की शुरुआत वर्ष 1994 में कपाली से की थी और वर्ष 2018 से मध्य विद्यालय भुइयांडीह में अपनी सेवाएं देते हुए अब सेवानिवृत्त हुए। समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने उनके सरल स्वभाव, अनुशासन और छात्रों के प्रति समर्पण की जमकर सराहना की। सभी ने कहा कि श्री सिंह ने अपने शिक्षण कार्य से न केवल छात्रों को गणित की शिक्षा दी, बल्कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी।

इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश लायक, विद्यालय अध्यक्ष बहादुर लायक, जमुना ऑटो के रितेश, प्रिंसिपल अनिता झा, शिक्षक आशीष मंडल, देव नारायण गुप्ता, प्रकाश प्रामाणिक, राजू कालिंदी, शिव शंकर लायक समेत गांव के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 8 के छात्रों के लिए भी फेयरवेल का आयोजन किया गया। छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं और उन्हें आगे की पढ़ाई में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। पूरे कार्यक्रम का माहौल भावुक होने के साथ-साथ उत्साहपूर्ण भी रहा, जहां एक ओर एक समर्पित शिक्षक को विदाई दी गई, वहीं दूसरी ओर बच्चों के नए सफर की शुरुआत का जश्न मनाया गया।









