रांची: झारखंड में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के असम से चुनाव प्रचार से लौटने के बाद ट्रांसफर-पोस्टिंग की प्रक्रिया तेज होगी। राज्य में झारखण्ड पुलिस सेवा(JPS), झारखंड प्रशासनिक सेवा(JAS), भारतीय पुलिस सेवा(IPS), और भारतीय प्रशासनिक सेवा(IAS) रैंक के अधिकारियों का बड़े स्तर पर तबादला किया जाना है। जानकारी के अनुसार, ग्रामीण विकास विभाग ने JAS रैंक के अधिकारियों की सूची लगभग तैयार कर ली है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के वापस लौटने के बाद इस सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिसके बाद आधिकारिक आदेश जारी हो सकता है। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभिन्न विभागों में कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से यह व्यापक फेरबदल किया जा रहा है। फिलहाल अधिकारी और कर्मचारी इस संभावित ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर नजर बनाए हुए हैं। अब सबकी नजर मुख्यमंत्री के फैसले पर टिकी है, जिसके बाद कभी भी ट्रांसफर-पोस्टिंग की सूची जारी हो सकती है।









