रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भारत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की विदेश नीति पूरी तरह चौपट हो चुकी है और देश की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। डॉ. अंसारी ने कहा कि हाल ही में रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों में भी बढ़ोतरी हो सकती है, जिसका सीधा असर देश की महंगाई पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर यह फैसला और भारी पड़ेगा। खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च लगातार बढ़ रहा है और आम आदमी की कमर टूटती जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले समय में महंगाई चरम पर पहुंच जाएगी और देश की जनता सिर्फ तमाशा देखती रह जाएगी।









