सरायकेला: नीमडीह अंचल के अंचल अधिकारी (सीओ) अभय कुमार द्विवेदी को कुकड़ू अंचल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त के कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, प्रशासनिक दृष्टिकोण से यह निर्णय लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि अगले आदेश तक अभय कुमार द्विवेदी कुकड़ू अंचल अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे। झारखंड कोषागार संहिता 2016 के नियमों के तहत उन्हें यह अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें कुकड़ू अंचल में आवश्यक प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी कार्यों के निष्पादन का अधिकार भी प्रदान किया गया है। इधर गुरुवार को अभय कुमार द्विवेदी ने कुकड़ू अंचल का प्रभार विधिवत रूप से ग्रहण कर लिया। उन्होंने कहा कि वे नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाएंगे। फिलहाल, यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। मालूम हो कि पहले यह प्रभार कुकड़ू प्रखंड की बीडीओ राजश्री ललिता बाखला के पास थी।









