सरायकेला : ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमटांड़ बाजार में रविवार को सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजू ने किया। इस कार्यक्रम में ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो भी साथ मौजूद रहें। इस दौरान बाजार क्षेत्र में मौजूद लोगों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजू ने लोगों को मोटरसाइकिल चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, वाहन चलाते हुए मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन पर लागू होने वाले कानूनी प्रावधानों और दंड की जानकारी भी विस्तार से दी गई। वही उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा में आमजन की सहभागिता बेहद जरूरी है। नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। अभियान के दौरान लोगों ने भी यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।









