सोनाहातू/राहे: हिंदुस्तान अख़बार के वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश सिंह की माताजी शांति देवी (81 वर्ष) का शुक्रवार को निधन हो गया। वे कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन की सूचना से पत्रकारिता जगत सहित पूरे सोनाहातू एवं राहे प्रखंड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
कई नेताओं ने जताया शोक
शांति देवी के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की घड़ी में वे ओमप्रकाश सिंह व उनके परिवार के साथ खड़े हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री सह आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने भी शोक संवेदना व्यक्त की। भाजपा जिला अध्यक्ष विनय कुमार महतो धीरज, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, आजसू सचिव सुनील कुमार सिंह, जयपाल सिंह, चितरंजन महतो, जिप उपाध्यक्ष वीणा चौधरी, जिप सदस्य मंजू सिंह मुंडा, पूर्व जिप सदस्य वीणा मुंडा, समाजसेवी श्याम महतो, सुषेण प्रमाणिक, रमेश सिंह मुंडा समेत कई गणमान्य लोगों ने गहरी संवेदना जताई।
अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़
शांति देवी का अंतिम संस्कार कोकरो नदी घाट पर किया गया। छोटे पुत्र उत्तम सिंह ने मुखाग्नि दी। इस दौरान आजसू के प्रभारी संजय सिद्धार्थ, सिल्ली प्रमुख जितेंद्र बड़ाइक, रंगबहादुर महतो, अजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और स्थानीय लोग उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत शांति देवी अपने पीछे दो पुत्र और पांच पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।