जमशेदपुर, प्रतिनिधि। जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर पहल तेज हो गई है। सांसद विद्युत वरण महतो द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के बाद कई अहम मुद्दों पर सकारात्मक प्रगति की जानकारी सामने आई है। रेल मंत्रालय की ओर से सांसद को पत्र के माध्यम से बताया गया है कि जमशेदपुर को दिल्ली, जयपुर समेत अन्य प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए नई ट्रेन सेवाओं पर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इसके अलावा टाटानगर- चक्रधरपुर रेलखंड में ट्रेनों की लगातार देरी को लेकर भी मंत्रालय ने संज्ञान लिया है। संबंधित अधिकारियों को यात्री ट्रेनों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे यात्रियों को राहत मिल सके।

वहीं, टाटा-बादामपहाड़ रेल मार्ग पर मकदमपुर लेवल क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में भी पहल शुरू हो गई है। इसके लिए फीजिबिलिटी स्टडी कराई जा रही है। ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र में जाम की समस्या से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

सांसद ने कहा कि इन पहलों से जमशेदपुर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।









