रांची: लोक भवन, रांची में मंगलवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्य में कथित 750 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बाबूलाल मरांडी ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) को इस मामले में शीघ्र चार्जशीट दाखिल करने के लिए निर्देशित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच में तेजी लाने की जरूरत है ताकि दोषियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही उन्होंने ACB की भूमिका की समीक्षा करते हुए इस पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने की मांग भी की। मरांडी का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए CBI से जांच कराना आवश्यक है। राज्यपाल ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया।









