सरायकेला : ईचागढ़ क्षेत्र के गौरांगकोचा पंचायत अंतर्गत ब्लॉक कॉलोनी कालिंदी बस्ती में रविवार को विश्व जल दिवस के अवसर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सरायकेला के सचिव तौसीफ मेराज के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। इस दौरान पीएलवी गंगा सागर पाल ने ग्रामीण महिलाओं को जल संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और इसके बिना किसी भी जीव का अस्तित्व संभव नहीं है। भूमिगत जल स्तर का लगातार नीचे जाना चिंता का विषय है, ऐसे में जल संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।

अभियान के दौरान कालिंदी बस्ती में लगे जलमीनार की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी सामने आया। बताया गया कि टंकी फटी होने के कारण पानी संग्रहित नहीं हो पा रहा है और लगातार बर्बाद हो रहा है। इस पर पीएलवी ने जिला परिषद ईचागढ़ से दूरभाष पर संपर्क कर समस्या से अवगत कराया तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी के नाम मरम्मत हेतु आवेदन लिखने में ग्रामीणों की सहायता की। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए संसाधनों के बेहतर उपयोग का संदेश दिया गया।









