सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत सिरुम निवासी सुमन मुखर्जी को भारतीय जनता पार्टी का कुकड़ू मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। इस संबंध में भाजपा जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान ने पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी। कुकड़ू मंडल अध्यक्ष बनाए जाने पर सुमन मुखर्जी ने जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू तथा पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाएगा तथा पार्टी के सिद्धांतों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। सुमन मुखर्जी ने क्षेत्र की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि जंगली हाथियों के द्वारा फसलों और घरों को नुकसान पहुंचने की स्थिति में प्रभावित लोगों को समय पर मुआवजा मिलना चाहिए। इसके साथ ही प्रखंड कार्यालय में आम लोगों के कार्य समय पर हों और भ्रष्टाचार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए, इसके लिए भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए पार्टी संगठन के माध्यम से उनका समाधान कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।









