रांची। ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने झारखंड विधानसभा के शून्य काल में रंगामाटी से सिल्ली जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित टीकर पुल की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से टीकर में जल्द नए पुल के निर्माण की मांग की। विधायक सविता महतो ने सदन को बताया कि टीकर पंचायत के पास स्थित यह पुल लगभग 30 वर्ष पहले बनाया गया था और वर्तमान में इसकी स्थिति काफी खराब हो चुकी है। इस पुल से प्रतिदिन सैकड़ों भारी वाहनों का आवागमन होता है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
सविता महतो ने कहा कि पुल की जर्जर हालत के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नए पुल के निर्माण की दिशा में पहल करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि टीकर पुल लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। उनके प्रयास से पहले जर्जर सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन अब पुल की हालत को देखते हुए नए पुल का निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है।









