ईचागढ़ (चंदन कुमार महतो): ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आदरडीह गांव के जंगल में बुधवार दोपहर जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान आदरडीह निवासी अमूल्य महतो (43) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अमूल्य महतो बुधवार करीब 12 बजे अपने मवेशियों को चराने जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान वहां भटक रहे दो जंगली हाथियों में से एक ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें पहले आदरडीह स्थित एक निजी क्लीनिक ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ईचागढ़ भेजा गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल वहां उनका इलाज जारी है।
वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को इलाज के लिए दस हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि बीते एक-दो दिनों से दो जंगली हाथी क्षेत्र के जंगलों में घूम रहे हैं। दिनदहाड़े हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने वन विभाग से हाथियों को शीघ्र क्षेत्र से खदेड़ने की मांग की है तथा कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।









