चांडिल: सोमवार को कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में विधायक मद से लगभग 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित पांच पीसीसी सड़कों का उद्घाटन सोमवार को विधायक सविता महतो ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर किया। उद्घाटन के अवसर पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया। विधायक ने बताया कि विभिन्न गांवों में करीब 400-400 फीट लंबी सड़कों का निर्माण कराया गया है। काशीडीह में माझी भवन से भाट मांझी के घर तक 5 लाख 95 हजार 700 रुपये की लागत से, जूरगुटांड़ में महावीर गोप के घर से स्कूल तक 6 लाख 15 हजार रुपये की लागत से, ईचाडीह में पूर्वी क्षेत्र बुलान से श्रावण महतो की जमीन तक 6 लाख 100 रुपये की लागत से, शीशीटांड़ में रावण सिंह मुंडा के घर से धनेश्वर कुमार के घर तक 5 लाख 90 हजार 600 रुपये की लागत से तथा कूदा में पुशु महतो के घर से चेकडैम तक लगभग 6 लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया है।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि सभी योजनाएं ग्रामीणों की मांग के आधार पर स्वीकृत कर पूरी की गई हैं। सड़कों के निर्माण से आम लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और गांवों के विकास को गति मिलेगी। कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष कृतिवास महतो, हरेकृष्ण महतो, युधिष्ठिर मांझी, नव किशोर हांसदा, चैतन्य महतो, धीरज महतो, अरुण महतो, मनोज कुम्हार, रमानाथ महतो, मंगल महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।









