सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले में झारखंड गृह रक्षा वाहिनी के अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों के नव नामांकन हेतु जारी कार्यक्रम के अनुसार शारीरिक जांच एवं लिखित परीक्षा 17 मार्च 2026 से प्रारंभ हो रही है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत कुकड़ू के लिए 17 मार्च, कुचाई के लिए 18 मार्च, गम्हरिया के लिए 19 मार्च, ईचागढ़ के लिए 20 एवं 23 मार्च, चांडिल के लिए 24 मार्च, राजनगर के लिए 25 एवं 27 मार्च, सरायकेला के लिए 28 मार्च, खरसावाँ के लिए 1 अप्रैल, नीमडीह के लिए 2 अप्रैल तथा गैर तकनीकी (शहरी) एवं तकनीकी (शहरी) अभ्यर्थियों के लिए 4 अप्रैल 2026 को परीक्षा आयोजित की जाएगी।

इसी अवधि में रमजान का महीना चल रहा है और 21 मार्च को ईद का पर्व मनाया जाएगा। ऐसे में 17 से 20 मार्च के बीच निर्धारित शारीरिक दक्षता परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के बीच चर्चा शुरू हो गई है। अभ्यर्थियों के एक वर्ग का कहना है कि प्रातः 5 बजे से बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित होने वाली शारीरिक परीक्षा, विशेषकर दौड़, रोज़ा की अवस्था में देना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। उनका तर्क है कि इससे रोज़ा रखने वाले मुस्लिम समुदाय के अभ्यर्थी अधिक प्रभावित हो सकते हैं।
हालांकि प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम सभी अभ्यर्थियों पर समान रूप से लागू है और अब तक तिथियों में किसी बदलाव की आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। इधर कुछ अभ्यर्थियों ने मांग की है कि धार्मिक पर्व एवं उपवास की अवधि को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कार्यक्रम पर पुनर्विचार किया जाए, ताकि सभी उम्मीदवार समान अवसर के साथ परीक्षा में शामिल हो सकें। फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई अतिरिक्त दिशा-निर्देश जारी नहीं हुआ है।









