सरायकेला: कुकड़ू प्रखंड के समाजसेवी शिक्षक गुणाधर महतो ने वित्त वर्ष 2026-27 के राज्य बजट का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट झारखंड के समग्र विकास को नई गति देगा। प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने कहा कि कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में विकासोन्मुख प्रावधान कर सरकार ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास मद में बढ़ोतरी इस बात का संकेत है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार गांव, गरीब, पिछड़ा वर्ग, किसान और आदिवासी-मूलवासी समाज के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
गुणाधर महतो ने महिलाओं के लिए 250 योजनाओं के तहत 34 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान और जेंडर बजटिंग को 35 प्रतिशत तक ले जाने को समानता व सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही 132 योजनाओं के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की चाइल्ड बजटिंग को भविष्य की पीढ़ी के लिए मजबूत आधार करार दिया। हालांकि उन्होंने युवाओं के लिए नौकरी और बहाली पर स्पष्ट प्रावधान का उल्लेख नहीं होने पर चिंता भी जताई। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को समय पर रोजगार और नियुक्ति प्रक्रिया में अवसर मिलना चाहिए, ताकि विकास की धारा में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।,









