रांची। ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने चांडिल डैम से जुड़े विस्थापितों का मुद्दा विधानसभा सत्र में उठाया। उन्होंने चांडिल डैम से विस्थापित हुए 116 गांवों के लोगों को पूर्ण मुआवजा भुगतान करने की मांग की। विधायक ने कहा कि 192 आरएल तक प्रभावित सभी विस्थापितों को मुआवजा मिलना चाहिए और आरएल की बाध्यता को समाप्त किया जाना चाहिए, ताकि कोई भी प्रभावित परिवार लाभ से वंचित न रहे। इस पर जवाब देते हुए जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने सदन को बताया कि वर्तमान में 185 आरएल तक मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। शेष प्रभावितों को भी नियमानुसार राशि प्रदान की जा रही है।
मंत्री ने यह भी बताया कि वर्तमान में 13 करोड़ 27 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके तहत 22 गांवों को चिह्नित किया गया है, जिनमें से 13 गांवों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। गौरतलब है कि चांडिल डैम परियोजना से 192 आरएल तक में 84 मौजा और 116 गांव प्रभावित हैं। विस्थापित लंबे समय से पूर्ण मुआवजा और पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। विधायक सविता महतो ने सरकार से आग्रह किया कि सभी प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।









