सरायकेला। कुकड़ू प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित नाजीर तापस सरकार का बुधवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया। वे 15वीं वित्त आयोग का सोशल ऑडिट कराने जिला मुख्यालय सरायकेला जा रहे थे। जानकारी के अनुसार ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के बाकलतोड़िया के समीप उन्होंने अचानक अपनी बाइक रोकी और सड़क किनारे बैठ गए। इसी दौरान वे बेसुध होकर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर उन्हें तत्काल पातकुम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ईचागढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कुकड़ू प्रखंड सह अंचल कार्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। कुकड़ू प्रखंड की बीडीओ राजश्री ललिता बाखला सहित अन्य कर्मी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और दिवंगत कर्मी के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया। तापस सरकार मूल रूप से पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत कालिकापुर के निवासी थे। वे अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। बेटी का शादी हो चुकी है। तापस सरकार पूर्व में सरायकेला अनुमंडल कार्यालय में कार्यरत थे।









