सोनाहातू: सोनाहातू प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिल्ली-रांगामाटी मुख्य सड़क पर जिलिंगसेरेंग डोमड़ा नदी के समीप आयोजित श्री श्री अखंड हरिनाम नवकुंज महायज्ञ का उद्घाटन रविवार को सोनाहातू थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप कुमार ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही नवकुंज नाम महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ।
धार्मिक आयोजन से समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत होती है: थाना प्रभारी
इस अवसर पर थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप कुमार ने कहा कि जिलिंगसेरेंग, तिलाईपीड़ी सहित आसपास के गांवों के सामूहिक प्रयास से इतना भव्य आयोजन संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत होती है तथा आपसी एकता और सात्विकता को बल मिलता है। आयोजन समिति ने बताया कि नवकुंज महायज्ञ में कुल 35 संकीर्तन दल भाग ले रहे हैं, जो नौ अलग-अलग कुंज (मंदिरों) में लगातार नौ दिन-रात अखंड हरिनाम संकीर्तन करेंगे। नौ दिवसीय महायज्ञ का समापन 10 फरवरी को होगा। कई एकड़ में फैले आयोजन स्थल पर नौ कुंज बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक कुंज में पूजा-अर्चना के लिए अलग-अलग पुरोहित नियुक्त किए गए हैं।

धार्मिक झांकियां, प्रतिदिन भंडारे की है व्यवस्था
श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक झांकियां, प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था तथा मेले का आयोजन किया गया है। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें और बच्चों के मनोरंजन हेतु झूले लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मौके पर आयोजन समिति के शक्तिपद सिंह मुंडा, गोपीनाथ दास गोस्वामी, जीतू दास गोस्वामी, कमला सिंह मुंडा, अयोध्या मुंडा, अबधेश महतो, संतोष स्वांसी, जगदीश लोहरा, नलपति सिंह मुंडा सहित सैकड़ों श्रद्धालु और समिति सदस्य उपस्थित थे।









