चांडिल : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में रविवार को कुकड़ू प्रखंड के बड़ा लापांग गांव में “नशा नहीं, जीवन को हां” अभियान के अंतर्गत विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों एवं बच्चों को नशे से दूर रहने, नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर प्रतिभागियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा प्रदत्त निशुल्क कानूनी सहायता टोल फ्री नंबर 15100 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से उपलब्ध निशुल्क कानूनी सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह, बाल विवाह से संबंधित किसी भी प्रकार की गतिविधि होने पर उसकी सूचना पंचायत स्तर पर देने की अपील की गई। कार्यक्रम में डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों पर भी प्रकाश डाला गया और समाज से ऐसी कुप्रथाओं को समाप्त करने का आह्वान किया गया। इस मौके पर पीएलवी विकास चंद्र महतो, पीएलवी फागुराम महतो, मस्तान सिंह महतो उपस्थित रहे, जिन्होंने ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।









