सरायकेला: कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत चौड़ा (पोड़का) मैदान में आईपीएल की तर्ज पर आयोजित सीपीएल- चौड़ा प्रीमियर लीग का गुरुवार को समापन हो गया। फाइनल मुकाबला एसएम ब्रोदर्श क्रिकेट क्लब और जेबीभीएनएल जागुआर के बीच खेला गया। फाइनल मैच का उद्घाटन पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव उर्फ माझी साव ने फीता काटकर और बल्लेबाजी कर किया। इस अवसर पर कुकड़ू प्रखंड के उप प्रमुख मोहम्मद एकराम, सीपीएल के चेयरमैन शानेवर अंसारी, उप मुखिया लाल मोहम्मद अंसारी, तिरुलडीह थाना के सब इंस्पेक्टर कार्तिकेय सिंह, सहायक सब इंस्पेक्टर रंजीत प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। मैच से पहले अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रमोद ने खेली शानदार पारी, बनाये 78 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एसएम ब्रोदर्श क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 16 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 187 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रमोद ने 39 गेंदों में शानदार 78 रन की पारी खेली। वहीं विवेक ने 30 गेंदों में 43 रन, हिमांशु ने 33 रन, शहयाद ने 23 रन और अवनी ने 6 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेबीभीएनएल जागुआर की टीम दबाव में आ गई और पूरी टीम 98 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह एसएम ब्रोदर्श क्रिकेट क्लब ने 89 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट पर कब्जा जमाया।

मैन ऑफ़ द सीरीज बने नीलू, मिला साइकिल
विजेता एसएम ब्रोदर्श क्रिकेट क्लब को 30 हजार रुपये नगद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता जेबीभीएनएल जागुआर की टीम को 25 हजार रुपये नगद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रमोद को दिया गया, वहीं पूरे टूर्नामेंट के मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिशा इलेवन के खिलाड़ी नीलू पोद्दार को मिला, जिन्हें पुरस्कार स्वरूप एक साइकिल प्रदान की गई।

08 टीमों और 114 खिलाड़ियों ने लिया था टूर्नामेंट में हिस्सा
इस टूर्नामेंट की शुरुआत 10 दिसंबर को हुई थी, जिसमें कुल 08 टीमों और 114 खिलाड़ियों ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। समापन अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि रामलाल सिंह मुंडा, झामुमो नेता अब्दुल रशीद अंसारी, बनारसी रजक, सद्दाम हुसैन,बसंत पोद्दार, गोराचांद सिंह मुंडा, अजहरुद्दीन अंसारी,रामभजन कुमार, मायमुर सुल्तान, नारायण पोद्दार, नाहिद हुसैन, मोवाशीर हुसैन, अंसार अली, तकसीर आलम, अम्मानुल्लाह अंसारी, राजा अंसारी,सहित हजारों दर्शक मौजूद रहे।

खेल से बढ़ता है परिचय, ग्रामीण खिलाड़ियों को मिलता है मंच: अशोक साव
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव उर्फ माझी साव ने कहा कि खेल आपसी भाईचारे और परिचय को बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस तरह के क्रिकेट टूर्नामेंट ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर देते हैं और गांव के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतर मंच प्रदान करते हैं। अशोक साव ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि आईपीएल की तर्ज पर आयोजित सीपीएल जैसे टूर्नामेंट से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और वे नशा व गलत संगत से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना के साथ खेलने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। इससे न सिर्फ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि गांव और क्षेत्र का नाम भी रोशन होता है।









