रांची, टाटीसिल्वे। झारखंड सशस्त्र पुलिस द्वारा आयोजित क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2025 का भव्य शुभारंभ मंगलवार को JAP-2 टाटीसिल्वे, रांची के खेल मैदान में हुआ। दोपहर 3 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि कार्तिक एस, IPS, पुलिस उप-महानिरीक्षक, झारखंड सशस्त्र पुलिस, ने गुब्बारा उड़ाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। उद्घाटन समारोह में पुलिस बैंड की प्रस्तुति, मार्च-पास्ट, खिलाड़ियों की शपथ-ग्रहण परेड और आतिशबाजी ने पूरे कार्यक्रम को आकर्षक और उत्साहपूर्ण बना दिया।

मुख्य अतिथि कार्तिक एस ने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम-भावना को मजबूत करते हैं। पुलिस बल की चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों के बीच खेलकूद जवानों को शारीरिक रूप से सक्षम और मानसिक रूप से संतुलित बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेलभावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं और JAP-2 प्रशासन की तैयारियों की सराहना की।

JAP-2 कमांडेंट सरोजनी लकड़ा, IPS ने उद्घाटन संबोधन में कहा कि खेल प्रतियोगिता पुलिस बल को एकजुट करती है। यह सिर्फ जीत का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व-विकास और अनुशासन का आधार है। आयोजन की जिम्मेदारी मिलने पर JAP-2 द्वारा सभी तैयारियों को सर्वोत्तम बनाने का प्रयास किया गया है।

समारोह के अंत में एडिशनल SP अविनाश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, आयोजन समिति, तकनीकी अधिकारियों, सुरक्षा इकाइयों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।

प्रतियोगिता 25 से 28 नवंबर 2025 तक चलेगी। इसमें 1137 खिलाड़ी और 63 तकनीकी पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, शूटिंग, तीरंदाजी, हॉकी, कुश्ती, कबड्डी, एथलेटिक्स, जिम्नास्टिक, साइकलिंग, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस सहित 25 से अधिक खेल रांची के विभिन्न स्थलों पर आयोजित किए जा रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर JAP-9 कमांडेंट कुसुम पूनिया, JAP-5 कमांडेंट दीपक कुमार, SIRB-2 कमांडेंट अमेल्डा एक्का और SAP-1 कमांडेंट प्रवीण कुमार उपस्थित थे।









