भुरकुंडा (रामगढ़), अभिषेक मिश्रा: रिवर साइड मयूर स्टेडियम, भुरकुंडा में सोमवार को आयोजित युवाओं की अहम बैठक में “भारतीय नौजवान सेना” नामक नए संगठन का गठन किया गया। बैठक में बढ़ती बेरोजगारी और उद्योगों में स्थानीय युवाओं की उपेक्षा को गंभीर मुद्दा मानते हुए सर्वसम्मति से निर्णायक आंदोलन छेड़ने की रूपरेखा तय की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्यास पांडेय ने और संचालन अनुपम आनंद ने किया। सर्वसम्मति से विवशरंजन सिन्हा को संगठन का अध्यक्ष चुना गया। संगठन ने घोषणा की कि 1 दिसंबर 2025 से सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा और एक वर्ष में 10,000 सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

रोजगार के अवसर बढ़ाने और उद्योग-प्रबंधन पर काम करेगा संगठन
बैठक में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के उद्योगों में स्थानीय युवाओं की हिस्सेदारी बेहद कम है, जिसे अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। “भारतीय नौजवान सेना” ने बताया कि रोजगार, प्रशिक्षण और अवसरों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दिलाने के लिए संगठन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन चलाएगा। बैठक में मौजूद युवाओं ने कहा कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने और उद्योग-प्रबंधन पर दवाब बनाने के लिए अब यह संगठन मजबूत मंच का काम करेगा।

बैठक में बड़ी संख्या में युवा हुए शामिल
संगठन की प्रारंभिक कमिटी में बड़ी संख्या में युवा शामिल किए गए, जिनमें प्रमुख रूप से ब्यास पांडेय, अजय पासवान, गुलाबो देवी, रामनारायण कुमार, राजन सिंह, विश्वरंजन सिन्हा, रौशन नायक, इमरोज़ खान, छोटू यादव, विजय कुमार, राजकुमार यादव, विश्वनाथ भुइयां, दिलीप महतो, अनुपम आनंद, सोनू गुप्ता, हिमांशु श्रीवास्तव, आयुष सिंह, रवि गुप्ता, दिनेश्वर ठाकुर, विक्की सरकार, राज नायक, विशाल कुमार समेत बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे।









