सिल्ली (अबधेश महतो)। संत माईकल +2 स्कूल मुरी ने डिजिटल लर्निंग के क्षेत्र में एक नया कदम बढ़ाते हुए एडवांस डिजिटल क्लासरूम (आईएफपी) स्थापित किया। इसका उद्घाटन पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार ने फीता काटकर किया। मौके पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया मुरी शाखा के प्रबंधक विपुल कुमार भी उपस्थित थे। उद्घाटन अवसर पर वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सुदेश कुमार द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सुदेश महतो ने कहा कि इस पहल से बच्चों को तकनीकी ज्ञान के साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी मदद मिलेगी।

विद्यालय के निदेशक राकेश कुमार और प्रबंधक निदेशक डॉ रूपेश कुमार को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल क्लासरूम स्थापित कर स्कूल ने क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। प्रचार्य सीएल प्रजापति ने कहा कि यह स्कूल इस क्षेत्र का पहला एडवांस डिजिटल स्कूल है और डिजिटल क्लासरूम पढ़ाई को रोचक, आसान और प्रभावी बनाएगा। डिजिटल क्लासरूम के माध्यम से विषयों को एनिमेशन, वीडियो, 3डी मॉडल, मैप, ग्राफ और चित्रों के जरिए समझाया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मनीषा सिंह ने किया। मौके पर शिक्षकगण, अभिभावक और विद्यार्थी भी उपस्थित थे।









