सरायकेला: ईचागढ़ प्रखंड के मैंसाड़ा गांव की बेटी निशा गोप ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। निशा को 186वीं रैंक प्राप्त हुई है और उनका चयन झारखंड प्रोबेशन सर्विस के लिए हुआ है। निशा के पिता नारायण गोप सुवर्णरेखा परियोजना के कर्मी थे, जो सेवानिवृत्त हो चुके हैं। निशा वर्तमान में चांडिल प्रखंड के मानीकुई में रह रही थीं और रांची से परीक्षा की तैयारी कर रही थीं।
इससे पहले उन्होंने दो बार UPSC की मुख्य परीक्षा भी दी थी, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। बावजूद इसके, उन्होंने हार नहीं मानी और JPSC में यह महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाली निशा की सफलता ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य दूर नहीं। उनकी सफलता से मैंसाड़ा, मानीकुई और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने इसे पूरे इलाके के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।