सिल्ली (अबधेश महतो): लगातार हो रही बारिश ने राहे प्रखंड के दोकाद गांव में भारी तबाही मचाई है। रविवार को बारिश थम गई, लेकिन तब तक इलाके में काफी नुकसान हो चुका था। अकेले दोकाद गांव में 23 कच्चे मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गए हैं, जिससे दर्जनों परिवार बेघर हो गए हैं और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। प्रभावित परिवारों को अभी तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस राहत नहीं मिली है। हालांकि, राहे बीडीओ अशोक कुमार ने कहा है कि आपात स्थिति में ग्रामीणों को नजदीकी स्कूल में अस्थायी रूप से ठहराया जा सकता है। वहीं, भोजन की व्यवस्था स्कूल के मध्याह्न भोजन योजना से की जाएगी। गांव में भारी तबाही की जानकारी मिलते ही सिल्ली विधायक अमित महतो ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने राहे के अंचल अधिकारी (सीओ) को निर्देश दिया कि प्रभावितों को तत्काल राहत प्रदान की जाए। ध्वस्त मकानों के मालिकों में दरहा टोली की अरुणा देवी, बुला महतो, कृष्णा अहीर, तथा दोकाद गांव के सुधि देवी, झालोवाती देवी, हरिहर सिंह मुंडा, निराला देवी, अजान लोहारा, अर्जुन लोहारा, शारदा देवी, रमेश चंद्र महतो, कृति महतो, मन्ना देवी, उमेश चंद्र महतो, मृत्युंजय महतो, श्री राम महतो, कांतो महतो, कामेश्वर महतो, घनश्याम महतो, भजन पातर, मंगल पातर, अभिमन्यु पातर और रामवृक्ष महतो शामिल हैं।