सरायकेला: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सरायकेला-खरसावां जिला सचिव बैधनाथ टुडू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राज्य में अशांति फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विगत 30 जून 2025 को हूल दिवस के अवसर पर भोगनाडीह में भाजपा द्वारा संथाल परगना को अस्थिर करने की एक सुनियोजित साजिश रची गई थी। बैधनाथ टुडू ने इसे झारखंड के शहीदों का अपमान और आदिवासी-मूलवासी समाज की आत्मा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया। उन्होंने कहा कि इस पवित्र दिन पर ऐसी घटना को अंजाम देना राज्य सरकार को बदनाम करने और सामाजिक सौहार्द को तोड़ने का प्रयास है। झामुमो नेता ने कहा कि पुलिस जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं और पार्टी को कानून व्यवस्था पर पूर्ण विश्वास है कि जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश होगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के एक नेता या कार्यकर्ता का राजकीय कार्यक्रम में अवैध हथियार के साथ मौजूद रहना यह दर्शाता है कि पार्टी सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की मानसिकता को उजागर करता है, जिसमें अराजकता और सामाजिक अस्थिरता के जरिए राजनीति करना शामिल है। झामुमो ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि राज्य में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है।